नर्मदापुरम में विद्या की देवी मां सरस्वती का जन्मदिवस और बसंत पंचमी का पर्व शुक्रवार को पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के मालाखेड़ी रोड स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में नव प्रवेशी विद्यार्थियों का विद्यारंभ संस्कार संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने मां सरस्वती का पूजन कर विद्यारंभ संस्कार का शुभारंभ किया। आर्ष गुरुकुल के आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन और पूजन कराया। विद्यारंभ संस्कार के दौरान बच्चों ने स्लेट पर “ॐ भूर्भुवः स्वः” लिखकर अपनी शिक्षा की शुरुआत की। आचार्य शुभम चौहान ने बताया कि सनातन धर्म में कुल 16 संस्कार होते हैं, जिनमें विद्यारंभ संस्कार नौवां संस्कार माना जाता है। यह संस्कार बच्चों के शैक्षणिक जीवन की पहली सीढ़ी होता है। स्कूलों और संस्थानों में हुआ पूजन बसंत पंचमी के अवसर पर शहर के सरकारी और निजी स्कूलों में विद्यार्थियों ने मां सरस्वती का पूजन किया। वहीं पत्रकारों और कलमकारों ने भी इस पर्व को श्रद्धापूर्वक मनाया। कलमकार, पत्रकारों ने मां सरस्वती पूजन शहर के आरसीसी मॉल में पत्रकारों ने मां सरस्वती की आरती कर पेन, डायरी, माइक आईडी और कैमरे का पूजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। पूरे शहर में बसंत पंचमी का पर्व भक्तिभाव, ज्ञान और संस्कारों के संदेश के साथ मनाया गया।


