कर्नाटक में बंधक बनाए गए 14 मजदूरों को प्रशासन ने छुड़वा लिया है। बस्तर से इन्हें अंगूर और मक्का तोड़ने के लिए एक शख्स लेकर गया था। जहां से इन्हें न तो घर आने दिया जा रहा था और न ही पैसे। हालांकि खबर मिलते ही प्रशासन की 5 सदस्यीय टीम पहुंची और सभी को छुड़वाने के साथ-साथ 3 लाख 28 हजार रुपए मजदूरी भी दिलवाई गई। दरअसल, यह पूरा मामला बस्तर जिले के तोकापाल और बिसपुर गांव का है। इस इलाके के रहने वाले एक शख्स टोरका ने कलेक्टर हरीश एस से शिकायत की थी कि कोडेनार थाना के तोकापाल तहसील के नैननार गांव दरभा तहसील के बिसपुर गांव के मजदूरों को अंगूर और मक्का तोड़ने के लिए एक युवक लेकर गया था। जिसके बाद उन्हें कर्नाटक के ग्राम बबलेश्वर विजयापुरा में बंधक बनाया गया है। 30 नवबंर को गई थी टीम जिसके बाद कलेक्टर ने 5 सदस्यीय रेस्क्यू दल का गठन किया। फिर 30 नवंबर को यह दल कर्नाटक के लिए रवाना हुआ। वहीं 14 मजदूरों को ग्राम बबलेश्वर विजयापुरा से छुड़वाया गया। साथ ही ठेकेदार से इनकी मजदूरी के 3 लाख 28 हजार 500 रुपए भी वसूले गए। सभी को जिला मुख्यालय लाया गया। वहीं प्रशासन ने मंगलवार को इस मामले का खुलासा किया है।


