छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अलग-अलग स्कूलों में पदस्थ 3 हेडमास्टर और 2 सहायक शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया है। इनमें से 2 हेडमास्टर शराब के नशे में चूर होकर स्कूल में पड़े रहते थे। या फिर कई दिनों तो स्कूल नहीं आते थे। इसके अलावा अन्य शिक्षक न तो कभी स्कूल आते थे, न ही शिक्षा विभाग के कामों को समय से करते थे। अब BEO की शिकायत के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने पांचों को एक साथ सस्पेंड कर दिया है। शनिवार को आदेश भी जारी किया है। अब जानिए कौन-कौन से स्कूल के शिक्षक हुए सस्पेंड पहला मामला: लोहंडीगुड़ा ब्लॉक के कहच्छेनारप्राथमिक शाला के सहायक शिक्षक एल.बी. गौतम कुमार वर्मा को शाला से अनधिकृत रूप से गैरमौजूद रहने के कारण निलंबित किया गया है। दूसरा मामला: जगदलपुर ब्लॉक के प्राथमिक शाला छोटेमुरमा के हेडमास्टर मोसू राम शराब पीकर स्कूल आते थे। हर वक्त नशे में रहने, स्कूल समय में स्कूल में उपस्थित नहीं होने एवं समय से पहले स्कूल बंद कर चले जाने की शिकायत मिली थी। जिसके बाद इन्हें सस्पेंड किया गया है। तीसरा मामलाछ तोकापाल ब्लॉक के करंजी के हेडमास्टर राजकिशोर आचार्य स्कूल से हमेशा नदारद रहते थे। समय पर स्कूल भी नहीं आते थे। इनके खिलाफ भी शिकायत मिली थी। जिसके बाद DEO ने इन्हें भी सस्पेंड कर दिया है। चौथा मामला: बकावंड ब्लॉक के प्राथमिक शाला आमादुला के हेडमास्टर प्रेमनाथ कश्यप भी स्कूल में शराब पीकर पड़े रहते थे। बच्चों को नहीं पढ़ाने और स्कूल से हमेशा गायब रहने की शिकायत मिलती थी। इन्हीं आरोपों के तहत इन्हें भी सस्पेंड कर दिया गया है। पांचवां मामला: लोहंडीगुड़ा के मिचनार के सहायक शिक्षक दीपक कुमार ध्रुव को शाला से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के कारण सस्पेंड किया गया है।


