बस्तर में कल से शुरू होगा चित्रकोट महोत्सव:पर्यटन स्थल पर संस्कृति, लोककला और खेलों की रंगारंग छटा बिखरेगी, नौका दौड़ रहेगा आकर्षण का केंद्र

बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात के तट पर 18 फरवरी से दो दिवसीय चित्रकोट महोत्सव-2026 का आगाज होगा। एशिया के नियाग्रा के नाम से पहचाने जाने वाले इस पर्यटन स्थल पर संस्कृति, लोककला और खेलों की रंगारंग छटा बिखरेगी। आयोजन 18 और 19 फरवरी को चित्रकोट जलप्रपात ग्राउंड में होगा, जहां बड़ी संख्या में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के पहुंचने की संभावना है। महोत्सव का उद्देश्य बस्तर की समृद्ध परंपराओं, लोक संस्कृति और प्राकृतिक धरोहर को व्यापक मंच देना है। पहले दिन शाम को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। स्थानीय लोक कलाकार पारंपरिक नृत्य और गीतों की प्रस्तुति देंगे, वहीं स्कूली बच्चे भी रंगारंग कार्यक्रम पेश करेंगे। कई तरह के होंगे खेल महोत्सव की खास बात यह है कि इसमें खेल प्रतियोगिताओं को भी प्रमुखता दी गई है। कबड्डी, वॉलीबॉल, रस्साकशी पारंपरिक प्रतियोगिताएं और नौका दौड़ जैसे आयोजन दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे। नदी तट पर आयोजित होने वाली नौका दौड़ रोमांच बढ़ाएगी, जबकि ग्रामीण अंचलों की टीमों के बीच होने वाले मुकाबले प्रतिस्पर्धा का उत्साह जगाएंगे। 19 फरवरी को होगा समापन 19 फरवरी को विजेताओं को पुरस्कृत करने के साथ महोत्सव का समापन होगा। प्रशासन और आयोजन समिति ने सुरक्षा, पार्किंग और मूलभूत सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की है। चित्रकोट महोत्सव न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय कलाकारों और खिलाड़ियों को भी नई पहचान दिलाने का अवसर बनेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *