छत्तीसगढ़ में बस्तर और दंतेवाड़ा जिले पंचायत अध्यक्ष पद के लिए आज चुनाव हुआ। बस्तर जिला पंचायत में मंत्री केदार कश्यप की भाभी और पूर्व सांसद दिनेश कश्यप की पत्नी निर्विरोध अध्यक्ष बनीं। इधर, दंतेवाड़ा में कांग्रेस और BJP को 5-5 वोट मिले। टॉय होने के बाद पर्ची सिस्टम से BJP ने कब्जा जमाया। दरअसल, बस्तर जिला पंचायत की कुल 15 सीटों में से 10 पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी। जबकि 3 निर्दलीय और 2 कांग्रेस समर्थित कैंडिडेट जीतकर आए थे। वहीं अध्यक्ष पद के लिए मंत्री की भाभी वेदवती कश्यप खड़ी हुईं थीं। जो निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष बन गईं। जिला पंचायत अध्यक्ष पद का इनका दूसरा कार्यकाल होगा। दंतेवाड़ा में पर्ची से बदला भाग्य दंतेवाड़ा जिले में जिला पंचायत की कुल 10 सीटें हैं। जिसमें 5 पर BJP समर्थित प्रत्याशी, 3 पर कांग्रेस और 2 पर निर्दलीय जीते हैं। कांग्रेस समर्थित तूलिका कर्मा और भाजपा समर्थित नंदलाल मुड़ामी अध्यक्ष के लिए खड़े थे। आज हुए चुनाव में इन दोनों को 5-5 वोट मिले। किसी भी दावेदार को जीते के लिए 6 वोटों की जरूरत थी। लेकिन, दोनों के बीच टॉय हो गया। जिसके बाद पर्ची सिस्टम किया गया। जिसमें इन दोनों प्रत्याशियों का नाम था। पर्ची सिस्टम से भाजपा समर्थित नंदलाल मुड़ामी का भाग्य खुल गया। उन्होंने जीत दर्ज की और दंतेवाड़ा जिला पंचायत अध्यक्ष कुर्सी पर कब्जा जमाया। पिछली बार भी हुआ था टॉय पिछले कार्यकाल में कांग्रेस की तूलिका कर्मा जिला पंचायत अध्यक्ष थीं। उस समय भी टॉय हुआ था और पर्ची सिस्टम से तूलिका ने जीत दर्ज की थी।


