जालंधर| नगर निगम की बीएंडआर एडहॉक कमेटी की एक अहम बैठक की गई, जिसमें शहर की लुक बजरी की सड़कों के निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजी जाहिर की। इस दौरान मेयर वनीत धीर, सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह बिट्टू, और कमिश्नर संदीप ऋषि की मौजूदगी में हुई इस मीटिंग में विकास कार्यों की स्थिति का रिव्यू किया। नगर निगम में कमेटी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि लुक-बजरी (तारकोल) से बनने वाली सभी सड़कों का 50 फीसदी काम 31 मार्च तक हर हाल में पूरा होना चाहिए। लोगों की सुविधा के लिए मेन सड़कों का निर्माण प्राथमिकता पर किया जाए। बैठक में सख्त लहजे में कहा गया कि यदि ठेकेदार इस समय सीमा का पालन करने में विफल रहते हैं या कार्य में देरी करते हैं, तो उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस मौके पर अधिकारियों ने कहा कि मार्च का महीना शुरू होते ही मौसम गर्म हो गया है और लुक-बजरी के प्लांट पूरी तरह चालू हो चुके हैं। सड़क निर्माण के लिए यह सबसे उपयुक्त समय है, इसके बावजूद सिटी के मेन सड़कों का निर्माण कार्य अभी धीमी गति से चल रहा है। इस मौके पर सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह बिट्टू ने कहा कि ठेकेदारों को 31 मार्च तक लुक बजरी की सड़कों के काम 50 फीसदी पूरा करने के आदेश दिए हैं। इसके बावजूद भी लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।


