बस कंडक्टर ने महिला यात्री से की मारपीट:शिवपुरी में किराए को लेकर विवाद, महिला का सामान बस से नीचे फेंका फिर पीटा

शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र में एक बस कंडक्टर द्वारा महिला यात्री से मारपीट का मामला सामने आया है। किराए को लेकर हुए विवाद के बाद कंडक्टर ने महिला को बस से उतारकर उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी कंडक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना 18 जनवरी की दोपहर सुनारी चौकी क्षेत्र में हुई। सुनारी गांव निवासी मालती जोशी अपने मासूम बेटे के साथ मायके से लौट रही थीं। वे शीतला बस सर्विस की बस (एमपी 07 पी 2072) में सफर कर रही थीं। बस में किराए के पैसों को लेकर मालती जोशी और बस कंडक्टर महेंद्र रावत निवासी मसूदपुर के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कंडक्टर महेंद्र रावत ने महिला का सामान बस से नीचे फेंक दिया। इसके बाद उसने महिला को धक्का देकर बस से नीचे उतार दिया और सरेराह उसके साथ मारपीट की। इस दौरान महिला का बच्चा भी दहशत में आ गया। कंडक्टर पर केस दर्ज
घटना के समय किसी राहगीर ने पूरे मामले का वीडियो बना लिया था। यह वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। मालती जोशी की शिकायत पर आरोपी कंडक्टर महेंद्र रावत के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस से उतारने के बाद महिला ने भी कथित तौर पर कंडक्टर को चप्पल मारने का प्रयास किया था, जिसके बाद दोनों के बीच गाली-गलौज हुई और कंडक्टर और भड़क गया। घटना के दौरान बस में सवार दर्जनों यात्री मूकदर्शक बने रहे। किसी ने भी महिला को बचाने या कंडक्टर की मारपीट का विरोध करने का प्रयास नहीं किया। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *