बस की अचानक ब्रेक से बाइक सवार युवक की मौत:छिंदवाड़ा में लोनारे कुनबी समाज ने संचालक पर की कार्रवाई की मांग

छिंदवाड़ा के गागीवाड़ा बायपास स्थित श्री आईटीआई कॉलेज के सामने शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक जय ठाकरे (पिता राजेश ठाकरे), निवासी बरारीपुरा, पटेल मंगल भवन के पास, एमपीबी बीजागोरा सब-स्टेशन में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छिंदवाड़ा से परासिया की ओर जा रही मयूर बस ने बस स्टॉप न होने के बावजूद अचानक सवारी बैठाने के लिए ब्रेक लगाया। पीछे से आ रहे जय ठाकरे ने भी अचानक ब्रेक मारा, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क किनारे गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं और बहुत खून बहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक ने हेलमेट पहन रखा था, बावजूद इसके चोटें घातक साबित हुईं। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल विवांता अस्पताल, छिंदवाड़ा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन प्रदीप ठाकरे और बहन वर्षा ओकटे अस्पताल पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए बस चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, इलाके के लोगों ने बसों के अनियमित ठहराव और लापरवाह ड्राइविंग पर सख्ती की मांग उठाई है। इसी मामले में सोमवार को लोनारे कुनबी समाज के पदाधिकारियों और समाजजनों ने देहात थाना पहुंचकर मयूर बस के संचालक व चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। समाज ने चेतावनी दी कि दोषियों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। पूर्व कलेक्टर ने बस संचालकों पर दिखाई थी सख़्ती छिंदवाड़ा के पूर्व कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने बस चालकों की ओर से बिना स्टॉप के बस रोकने पर सख्त कार्रवाई करवाई थी और बस संचालकों को दिए गए स्टॉक के अलावा अन्य जगहों पर बस को रोकने पर चालानी कार्रवाई करवाई थी लेकिन एक बार फिर बस संचालक अपनी मनमानी में उतर आए हैं और जगह-जगह बस रोक कर सवारी बैठाते नजर आते हैं

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *