गांव रूपाणा के पास मंगलवार सुबह मुक्तसर-मलोट हाईवे पर एक हादसा हो गया। एक निजी बस ने ओवरटेक करते समय सीमेंट की बोरियां ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर लकड़ी से भरे एक ऑटो से टकरा गई। हादसे में ऑटो सड़क के बीच पलट गया और ट्रैक्टर खेतों में जा गिरा। ऑटो चालक सुरजीत सिंह और ट्रैक्टर चालक गुरविंदर सिंह घायल हो गए। ऑटो चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी, जिस कारण यह हादसा हुआ। बस में करीब 60-65 यात्री सवार थे, जो सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बस चालक को भीड़ से बचाकर थाने पहुंचाया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।


