बस की टक्कर से दो युवकों की मौत:रतलाम के बाजना में बस स्टैंड पर शव रख लगाया जाम, थाना घेरा

रतलाम के बाजना मार्ग पर शुक्रवार रात बस की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई थी। शनिवार दोपहर ग्रामीण पीएम के बाद शव बाजना लेकर गए। बस चालक से मुआवजा राशि की मांग को लेकर बाजना के बस स्टैंड पर बस मालिक की दुकान के बाहर शव रख जाम लगा दिया। कुछ लोगों ने बाजना थाना का घेराव भी कर दिया। भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने बस मालिक विकास अग्रवाल के घर पर भी पथराव किया। बाजना में जबरन दुकानें भी बंद करवाई। हंगामे की सूचना पर सैलाना व रतलाम से पुलिस बल पहुंचा। बता दें कि रतलाम-बाजना मार्ग पर शुक्रवार रात 9.30 बजे शिवगढ़ से बाजना जा रही अग्रवाल ट्रेवल्स की बस एमपी-43 पी 0288 ने ग्राम छावनी झोड़ियां के यहां बाइक सवार कमल (27) पिता रमेश अमलियार और दीपक (25) पिता सुरेश खराड़ी दोनों निवासी घाटाखेरदा को टक्कर मार दी थी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। ड्राइवर बस छोड़कर भाग गया। रात में ही दोनों के शव रतलाम मेडिकल कॉलेज लाए गए थे। शव रख जाम लगाया, फिर घेरा थाना
आज रतलाम में पीएम के बाद परिजन शव लेकर पहुंचे। हादसे से आक्रोशित कुछ परिजन और ग्रामीणों ने उन्हें बाजना के बस स्टैंड पर रोक लिया। दोपहर में शव बस स्टैंड पर ही एक होटल के बाहर रख दिया। बस स्टैंड के दोनों तरफ पिकअप वाहन खड़ा कर जाम लगा दिया। परिजन व ग्रामीणों ने आर्थिक सहायता के साथ आरोपी ड्राइवर को पकड़ने की मांग करने लगे। ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ और अपनी मांग को लेकर नारेबाजी की। बाजना में हंगामा देख लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर दी। पुलिस अधिकारी पहुंचे
हंगामा की सूचना मिलने पर सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल, रतलाम ग्रामीण एसडीओपी किशोर पाटनावाला, रतलाम सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया पुलिस बल और वज्र वाहन के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों व ग्रामीणों को समझाया। करीब सवा दो घंटे की समझाइश के बाद परिजन व ग्रामीण माने। लेकिन बाद में जयस नेता विलेश खराड़ी पहुंचे और फिर सभी ने मिलकर थाना घेर दिया। बताया जा रहा है, ग्रामीण मृतक के परिजनों को बस मालिक से 40 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे हैं। रात 8 बजे तक शव बस स्टैंड पर एक होटल के बाहर रखे हुए थे। बाजना थाने पर पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को समझा रहे हैं। अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
शिवगढ़ थाना एसआई आरसी खड़िया ने बताया कि अज्ञात बस चालक के खिलाफ तेज गति व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का केस दर्ज किया है। अभी तक यह पता नहीं चला है कि यह दोनों एक बाइक से कहां से आ रहे थे कहां जा रहे थे। इन्हें बस ने आगे से टक्कर मारी या पीछे से। जांच की जा रही है। मृतक के कमल के तीन बच्चे हैं। इसमें दो बेटियां और एक बेटा। वहीं दीपक का एक बेटा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *