भीलवाड़ा | शहर में रेलवे फाटक के पास स्थित पेट्रोल पंप संचालक को एक निजी बस के ड्राइवर-कंडक्टर ने आग लगाने और उड़ाने की धमकी दे दी। पेट्रोल पंप संचालक ने उसके पंप के सामने रोजाना बसों और ऑटो रिक्शा के सवारियां लेने के लिए खड़े होने को लेकर आपत्ति जताते हुए बस खड़े होने से मना किया था। इससे खफा होकर बस ड्राइवर-कंडक्टर ने धमकी दी थी। पेट्रोल पंप को फूंकने की धमकी से गुस्साए शहर के पेट्रोल पंप संचालकों ने शुक्रवार शाम को करीब दो से तीन घंटे तक पंप बंद कर दिए। इससे वाहन चालकों को पेट्रोल भरवाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद रात को कुछ देर के िलए पंप खुल पाए। जानकारी के अनुसार ट्रैफिक थाने और रेलवे फाटक के पास स्थित छगनलाल बख्तावरमल पेट्रोल पंप के संचालक अशोक मूंदड़ा ने उनके पंप के सामने बसें खड़ी करने से मना किया। इस पर एक निजी बस के ड्राइवर-कंडक्टर ने धमकी दी कि वे केवल सवारियां लेने के िलए एक-दो मिनट के लिए रुकते हैं। उनको रोकने की कोशिश की तो पेट्रोल पंप को ही आग लगा देंगे। इस पर शुक्रवार को इस बात की जानकारी पंप संचालक मूंदड़ा ने पेट्रोल पंप एसोसिएशन के सोशल मीडिया ग्रुप पर शेयर कर दी। इसको लेकर पंप एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने विरोध और आक्रोश जताते हुए शहर के पेट्रोल पंप बंद करने का आह्वान कर दिया।


