भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा शहर में रेलवे फाटक के पास स्थित पेट्रोल पंप संचालक को एक निजी बस के ड्राइवर-कंडक्टर ने आग लगाने और उड़ाने की धमकी दे दी। पेट्रोल पंप संचालक ने उसके पंप के सामने रोजाना बसों और ऑटो रिक्शा के सवारियां लेने के लिए खड़े होने को लेकर आपत्ति जताते हुए बस खड़े होने से मना किया था। इससे खफा होकर बस ड्राइवर-कंडक्टर ने धमकी दी थी। पेट्रोल पंप को फूंकने की धमकी से गुस्साए शहर के पेट्रोल पंप संचालकों ने शुक्रवार शाम को करीब दो से तीन घंटे तक पंप बंद कर दिए। इससे वाहन चालकों को पेट्रोल भरवाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद रात को कुछ देर के लिए पंप खुल पाए। जानकारी के अनुसार ट्रैफिक थाने और रेलवे फाटक के पास स्थित छगनलाल बख्तावरमल पेट्रोल पंप के संचालक अशोक मूंदड़ा ने उनके पंप के सामने बसें खड़ी करने से मना किया। इस पर एक निजी बस के ड्राइवर-कंडक्टर ने धमकी दी कि वे केवल सवारियां लेने के लिए एक-दो मिनट के लिए रुकते हैं। उनको रोकने की कोशिश की तो पेट्रोल पंप को ही आग लगा देंगे। इस पर शुक्रवार को इस बात की जानकारी पंप संचालक मूंदड़ा ने पेट्रोल पंप एसोसिएशन के सोशल मीडिया ग्रुप पर शेयर कर दी। इसको लेकर पंप एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने विरोध और आक्रोश जताते हुए शहर के पेट्रोल पंप बंद करने का आह्वान कर दिया। इसके कारण शाम करीब 5.30 बजे बाद कुछ ही देर में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित पेट्रोल पंप बंद हो गए। इसकी जानकारी प्रतापनगर सीआई गजेन्द्रसिंह नरुका को मिली तो उन्होंने उच्चाधिकारियों को अवगत करवाते हुए पेट्रोल पंप एसोसिएशन के पदाधिकारी जाकिर हुसैन से संपर्क किया। उनसे समझाइश करते हुए थाने में रिपोर्ट देने और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद शहर के पेट्रोल पंप रात 8.30 बजे बाद खुल गए। चित्तौड़गढ़, उदयपुर, निम्बाहेड़ा रूट और हमीरगढ़ क्षेत्र में जाने वाली रोडवेज, निजी और ट्रैवल्स बसों के अलावा ऑटो रिक्शा, टैंपो आदि रेलवे फाटक, ट्रैफिक थाने से लेकर पेट्रोल पंप के सामने तक एक-दो मिनट के लिए रूककर सवारिया लेते हैं। इसको लेकर कई बार पेट्रोल पंप संचालक ने आपत्ति जताई कि बसों-ऑटो के रूकने से उसका व्यवसाय प्रभावित होता है। इस बात पर बहस हो चुकी है।


