राजसमंद में तेज रफ्तार ट्रक अचानक मुड़ा और सामने से आ रही बारात की बस से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में बैठे लोग उछलकर कई मीटर दूर जाकर गिरे। हादसे में 37 लोग घायल हो गए। सड़क पर गिरे और बस में फंसे घायलों को निकालकर हॉस्पिटल पहुंचाया गया। दुर्घटना में ट्रक ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसा उदयपुर-राजसमंद हाईवे पर देलवाड़ा थाना इलाके में नेगड़िया टोल नाके के पास बुधवार शाम 5:45 बजे हुआ। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें नजर आ रहा है कि ट्रक अपने आगे चल रही कार को बचाने के चक्कर में अचानक रॉन्ग साइड में मुड़ गया और बस से टकरा गया। वीडियो में टक्कर के बाद बस में बैठे 5 लोग उछलकर बाहर गिरते दिखाई दे रहे हैं। 3 PHOTOS से समझिए पूरा हादसा… उदयपुर से राजसमंद जा रही थी बारात
उदयपुर निवासी मनोज नायक पुत्र चुन्नी लाल की शादी आज राजसमंद के रहने वाले कालू राम नायक की बेटी पूजा से होनी है। दूल्हा और उसका छोटा भाई चंद्र प्रकाश (32) कार से जा रहे थे। वहीं, बारात आदर्श नगर यूनिवर्सिटी रोड, उदयपुर से 4:15 बजे बस से रवाना हुई थी। चंद्र प्रकाश नायक ने बताया- बारात उदयपुर से राजसमंद के ताराखेड़ा खंडेल चौराहे के पास जा रही थी। भिड़ंत के समय 4-5 बाराती उछलकर बस से नीचे गिर गए। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बस से बारातियों को बाहर निकाला। देलवाड़ा पुलिस भी जाब्ता के साथ मौके पर पहुंची। बस में करीब 50 बाराती सवार थे, जिनमें से कुल 37 लोग घायल हो गए। इनमें 5 की हालत गंभीर है। सभी घायलों को अनंता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बस-ट्रक में फंसे ड्राइवरों को निकालने में आधा घंटा लगा
एसपी मनीष त्रिपाठी ने घटना की जानकारी ली और श्रीनाथजी मंदिर और नाथद्वारा पुलिस थाने से भी घटना स्थल पर जाब्ता भेजा। हादसे में बस की एक साइड चकनाचूर हो गई, जबकि ट्रक का केबिन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। केबिन में ट्रक ड्राइवर बुरी तरह फंस गया। बस और ट्रक, दोनों के ड्राइवरों को आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की सहायता से बाहर निकाला।


