बालोद | शहर के नया बस स्टैंड परिसर में स्थापित शहीद वीर नारायण सिंह प्रतिमा के समीप यात्रियों की सुविधा के लिए लगाया गया वाटर प्यूरीफायर बदहाल स्थिति में है। रखरखाव और नियमित सफाई के अभाव में मशीन के आसपास काई जम गई है, जिससे स्वच्छता पर सवाल उठने लगे हैं। पेयजल की व्यवस्था तो की गई है, लेकिन उसकी देखरेख नहीं हो रही। वाटर प्यूरीफायर के नीचे लगे नल में खराबी आ गई है, जिसके कारण दिनभर पानी टपकता रहता है। इससे एक ओर पानी की बर्बादी हो रही है, वहीं आसपास गीलापन और फिसलन की स्थिति बन रही है। बस स्टैंड में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के यात्री आते-जाते हैं। ऐसे में पेयजल की स्वच्छ व्यवस्था आवश्यक है।


