शिवपुरी जिले के खनियांधाना में बुधवार को नगर परिषद और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान बस स्टैंड और मुख्य मार्गों से फल-सब्जी के ठेले हटाए गए, जिनमें से कुछ को जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क पर सब्जियां बिखर गईं, जिससे नाराज होकर सब्जी विक्रेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और कुछ देर के लिए सड़क पर चक्काजाम कर दिया। अभियान के दौरान तहसीलदार निशिकांत जैन, थाना प्रभारी केदार सिंह यादव और नगर परिषद सीएमओ आशुतोष त्रिपाठी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस बल की मौजूदगी में बस स्टैंड क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। जाम और हादसों का बना रहता था खतरा प्रशासन ने बताया कि बस स्टैंड पर ठेलों के कारण अक्सर जाम लगता था, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित होती थी और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। सीएमओ आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि यातायात जाम की समस्या और आपातकालीन सेवाओं की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई आवश्यक थी। रोजी-रोटी पर संकट, नहीं मिला वेंडिंग जोन कार्रवाई के दौरान ठेले हटाते समय सड़क किनारे रखी कुछ सब्जियां बिखर गईं। अपना नुकसान होता देख, विशेषकर महिला विक्रेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी रोजी-रोटी पर संकट आने की बात कही और आरोप लगाया कि उन्हें अब तक कोई स्थायी वेंडिंग ज़ोन उपलब्ध नहीं कराया गया है। आवेदन देने पर जगह देने का आश्वासन सीएमओ ने विरोध कर रहे विक्रेताओं को समझाइश दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि विक्रेता नगर परिषद में लिखित आवेदन देंगे, तो नियमानुसार उचित स्थान चिन्हित करने पर विचार किया जाएगा।


