शादी नहीं करवाने की बात से नाराज भाई ने खुद के पेट में तलवार घोंप ली। गंभीर हालत में परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया। घटना बांसवाड़ा के घाटोल थाना क्षेत्र के लखेरिया गांव में हुई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार- घायल युवक संजय(25) पुत्र ओंकार के घर पर गुरुवार की देर रात करीब डेढ़ बजे परिवार के सभी लोग आपस में बैठकर हंसी-मजाक कर रहे थे। इसी दौरान बड़ी बहन ने मजाक में भाई से कहा कि तू तो शराब पीता है। हम तेरी शादी नहीं कराएंगे। इससे संजय गुस्सा हो गया। वह कमरे से तलवार निकाल कर लाया और परिवार के सभी लोगों के सामने खुद के पेट में तलवार घोंप ली। घटना के बाद परिजन घबरा गए। फिर तत्काल लहूलुहान हालत में युवक को इलाज के लिए घाटोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बांसवाड़ा एमजी अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन यहां भी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने युवक को उदयपुर रेफर कर दिया। पुलिस बोली- शादी नहीं करवाने की बात पर बढ़ी नाराजगी ASI मेघराज ने बताया- घटना की सूचना पर हम बयान लेने अस्पताल गए थे। लेकिन डॉक्टर ने बयान लेने से इनकार कर दिया। जानकारी मिली है कि घायल युवक शराब का आदि था। वो गुजरात में मजदूरी करता था। 5 दिन पहले ही वो घर आया था। उसकी बड़ी बहन भी घर आई थी। दोनों साथ में बैठे थे। बड़ी बहन ने यह कहा कि तू शराब पीना छोड़ दे, घर में सहयोग कर, पैसे बचा। शराब छोड़ेगा, तब तेरी शादी करवा सकेंगें। कब तक मैं मदद करती रहूंगी। इसके बाद भाई संजय भी नाराज होकर कहने लगा कि तू भी बहन मुझे डांटती है तो मैं जी कर क्या करुं। ऐसे में संजय कमरे में जाकर तलवार लेकर आया, फिर अपने पेट में घोंप ली। एएसआई ने बताया कि घायल युवक के परिवार में संजय समेत दो भाई है। दोनों मजदूरी करते है। चार बहनें है, जिनमें दो शादीशुदा है। माता-पिता की मृत्यु पहले ही हो चुकी है। घटना के समय तीन बहनें और भाई घर पर ही थे। परिवार फिलहाल उदयपुर में घायल का इलाज करवाने गया हुआ है। हालांकि मामले में अभी तक परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं सौंपी गई है। कंटेंट- राहुल शर्मा घाटोल।


