बहरोड़ में मंगलवार शाम बहरोड़-नारनौल स्टेट हाइवे-114 पर गांव नारेड़ा कलां के पास एक सड़क हादसे में बाइक सवार कूरियर डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बहरोड़ के जिला अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया। मृतक का पोस्टमार्टम बुधवार को किया जाएगा। ड्यूटी के बाद गांव लौट रहा था पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान खोहर गांव की जोगियों की ढाणी निवासी राजकुमार (41) पुत्र प्रहलाद योगी के रूप में हुई है। राजकुमार कूरियर डिलीवरी का काम करता था। वह बहरोड़ से अपनी ड्यूटी पूरी कर रोजाना की तरह गांव लौट रहा था, तभी नारेड़ा कलां के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजकुमार के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल राहगीरों की मदद से घायल राजकुमार को बहरोड़ के जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। दो भाईयों में सबसे बड़ा था मृतक राजकुमार अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। वह विवाहित था और उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। सदर थाना पुलिस ने बोलेरो चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।


