बहरोड़ क्षेत्र में आज मौसम ने करवट ली और आसमान में बादल छा गए। सुबह से ही ठंडी हवाओं का दौर जारी रहा, जिससे सर्दी का अहसास और बढ़ गया। हालांकि हल्की गर्माहट महसूस हो रही थी, लेकिन सर्द हवाएं लोगों को ठिठुरन का अनुभव करा रही थीं। बहरोड़ के गांव गंडाला, खोहर, भूपखेड़ा, माजरी और आसपास के क्षेत्रों में सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी भी हुई। हवा के तेज चलने के कारण रबी की फसलों पर ओस की बूंदें नहीं पड़ीं, जिससे किसानों को थोड़ी राहत मिली है। मौसम में बदलाव आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट का संकेत दे सकता है। सर्दी से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़ों में लिपटे हुए अपने घरों से बाहर आकर दैनिक कामकाज निपटने में व्यस्त हैं। जयपुर मौसम विभाग के अनुसार, आज अलवर जिले सहित प्रदेश के 10 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरु, झुंझुनू, सीकर, अलवर, दौसा, भरतपुर, करौली और धौलपुर शामिल हैं, जहां हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। ठंडी हवाओं के बीच लोग गर्म चाय और व्यंजनों का आनंद लेते हुए सर्दी का सामना कर रहे हैं।


