बांगड़ अस्पताल में वीडियोग्राफी-फोटोग्राफी पर रोक:बिना अनुमति रिकॉर्डिंग पर होगी कार्रवाई, इमरजेंसी मरीजों की सुरक्षा के लिया निर्णय

डीडवाना शहर के राजकीय बांगड़ जिला चिकित्सालय में अब बिना अनुमति वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। अस्पताल प्रबंधन ने इस संबंध में आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि परिसर में किसी भी प्रकार की फोटो या वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए पूर्व अनुमति आवश्यक होगी। अस्पताल प्रशासन ने इस आदेश की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए परिसर में सूचना बोर्ड भी लगाए हैं। इन बोर्डों पर स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार यह निर्णय आपातकालीन मामलों के दौरान सामने आने वाली समस्याओं के मद्देनजर लिया गया है। अक्सर देखा गया है कि इमरजेंसी केस आने पर कुछ लोग मौके की संवेदनशीलता को नजरअंदाज करते हुए मोबाइल से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करने लगते हैं। इससे मरीजों की गोपनीयता भंग होती है और चिकित्सकों व नर्सिंग स्टाफ का ध्यान भी बंटता है, जिससे उपचार कार्य प्रभावित होने का खतरा रहता है। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होने से अस्पताल की छवि को नुकसान पहुंचता है और कई बार भ्रामक जानकारी के कारण अनावश्यक नकारात्मकता फैलती है। इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि मरीजों की निजता, सुरक्षा और उपचार व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके। अस्पताल प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा है कि सभी नियमों का पालन करें और आपातकालीन स्थिति में चिकित्सा कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *