बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार और मंदिरों में हमलों के विरोध में करौली जिला मुख्यालय पर सर्व समाज द्वारा आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। करौली कोतवाली के सामने स्थित शिव पैलेस से कलेक्ट्रेट तक आयोजित आक्रोश रैली में सर्व समाज और विभिन्न संगठनों के लोग शामिल हुए। राष्ट्रपति, राज्यपाल और यूएनओ के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को रोकने और आवश्यकता पड़ने पर बांग्लादेश पर सैन्य कार्रवाई की मांग की है। आक्रोश रैली आयोजन मंडल के केसर सिंह नरूका, अशोक सिंह आदि ने बताया कि करौली कोतवाली के सामने स्थित शिव पैलेस से आक्रोश रैली शुरू हुई। आक्रोश रैली हिंडौन दरवाजा, चौधरी पाड़ा, फूटा कोट, बड़ा बाजार, वजीरपुर गेट होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। जहां कलेक्ट्रेट में राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। रैली के दौरान युवा और शहरवासी हाथों में केसरिया ध्वज और तिरंगा तथा नारे लिखे हुई तख्ती थामे एवं नारे लगाते चल रहे थे। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश में जिस तरह से हिंदू सहित विभिन्न अल्पसंख्यकों पर अत्याचार और हमले हो रहे हैं, वो दुर्भाग्यपूर्ण है। केसर सिंह नरूका ने आरोप लगाया कि इस तरह के हालत भारत में भी हो सकते हैं। उन्होंने लोगों से जागरूक होने संगठित रहने और अत्याचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने का नारा दिया है। उन्होंने इस दौरान भारत सरकार से बांग्लादेश में हिंदुओं सहित अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार को रोकने और आवश्यकता पड़ने पर सैनिक कार्रवाई करने की भी मांग की है। रैली के दौरान शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थान और बाजारों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। रैली के साथ डीएसपी अनुज शुभम, थाना अधिकारी सुनील कुमार सिंह, महिला थाना अधिकारी सुमन कुमार सहित कई थानों की पुलिस जाब्ता मौजूद रहा।


