बांदीकुई रेलवे जंक्शन पर शनिवार शाम किशनगंज-अजमेर यात्री ट्रेन का ठहराव शुरू हो गया। एडीआरएम ((एडिशनल डिविजनल रेलवे मैनेजर) ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। शाम को आयोजित समारोह में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा नई-नई सुविधाएं स्थापित की जा रही हैं, जिनमें वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें शामिल हैं। हालांकि, जयपुर में एक जरूरी बैठक के कारण मंत्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाए बिना ही रवाना हो गए। इसके बाद एडीआरएम अहमद हुसैन अंसानी ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान ट्रेन के लोको पायलट का भी स्वागत किया गया। मौके पर सीपीआरओ अमित सुदर्शन, स्टेशन अधीक्षक मनोज बैरवा, करण पोषवाल, रतन पटेल, देवराज चाड, बंटू सोनी, हरिमन मीणा सहित कई अन्य अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। ट्रेन के समय सारिणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 15715 किशनगंज-अजमेर सप्ताह में सोमवार, बुधवार और शनिवार को शाम 5:06 बजे बांदीकुई पहुंचेगी और दो मिनट रुककर रवाना होगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 15716 अजमेर-किशनगंज सप्ताह में सोमवार, मंगलवार और बुधवार को दोपहर 3:32 बजे आकर 3:34 बजे प्रस्थान करेगी। इस ठहराव से यात्री किशनगंज (बिहार) जा सकेंगे, साथ ही दोपहर के समय दिल्ली और अलवर के लिए भी ट्रेन सुविधा उपलब्ध होगी।


