उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक तेंदुए का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। यह शव पनपथा कोर परिक्षेत्र के सेहरा बीट के कक्ष क्रमांक आरएफ 449 में रविवार को मिला। सूचना पर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। तेंदुए के शव से नाखून सहित अन्य अंग गायब मिले हैं। जांच के लिए डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया गया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के उपसंचालक पी के वर्मा ने बताया कि दो डॉक्टर्स की टीम ने तेंदुए का पोस्टमॉर्टम किया है। उन्होंने यह भी बताया कि शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। बीटीआर की टीम मामले की जांच कर रही है। 23 फरवरी को शावक का शव मिला था 23 फरवरी को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के लगभग 8 माह के शावक का शव मिला है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के खितौली परिक्षेत्र के सलखनिया के कक्ष क्रमांक 384 के जंगल में शावक के शव मिला।