बाघों के लिए विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नए वर्ष के जश्न का माहौल देखने को मिला। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में देश-विदेश से पर्यटक न्यू ईयर मनाने पहुंचे। इस अवसर पर बांधवगढ़ के रिसॉर्ट और होटल संचालकों ने विशेष तैयारियां की थीं। रात 12 बजते ही जमकर आतिशबाजी की गई। साथ ही, रिसॉर्ट्स और होटलों में डीजे और जिले के प्रसिद्ध आदिवासी नृत्य के बीच सैलानियों ने नए वर्ष का स्वागत किया। ढोल की थाप पर कलाकारों के साथ पर्यटक भी झूमते हुए नजर आए। रात 12 बजते ही आतिशबाजी बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ताला मुख्यालय में रात 12 बजते ही आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया। बड़ी संख्या में पर्यटक बांधवगढ़ पहुंचे थे, जिन्होंने नए वर्ष के इस खास मौके पर उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। आदेशों की अनदेखी करते हुए हुआ जश्न अनुविभागीय अधिकारी, मानपुर ने 29 दिसंबर से 5 जनवरी तक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के कोर और बफर जोन में वन्य प्राणियों की सुरक्षा और उनके दैनिक क्रियाकलापों को ध्यान में रखते हुए आतिशबाजी और तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर प्रतिबंध लगाया था। बावजूद इसके, इन आदेशों का उल्लंघन हुआ। सैलानियों ने तेज आवाज वाले डीजे और आतिशबाजी के साथ नए वर्ष का स्वागत किया।


