बांसवाड़ा में जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव की अध्यक्षता में हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। डॉ. यादव ने ‘मां योजना’ के तहत अधिक से अधिक क्लेम बुक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संस्थागत प्रसव बढ़ाने के लिए अस्पतालवार लक्ष्य निर्धारित किए जाएं और ‘लाडो योजना’ में पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत प्रोत्साहन राशि दिलवाई जाए। जमीनी स्तर पर सेवाओं को मजबूत करने के लिए आशा, एएनएम और सीएचओ की फील्ड विजिट को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए। टीबी नियंत्रण और गुणवत्ता सुधारने के निर्देश
बैठक में टीबी से होने वाली प्रत्येक मृत्यु की केस स्टडी तैयार कर इलाज सीरीज की समीक्षा करने के आदेश दिए गए। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (NQAP) के तहत सज्जनगढ़ ब्लॉक को शत-प्रतिशत प्रमाणीकरण के लिए तैयार रहने को कहा गया। सिकल सेल मरीजों की नियमित काउंसलिंग और ‘निक्षय मित्र’ बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए। गर्मी को देखते हुए अलर्ट रहने के निर्देश
सीएमएचओ डॉ. खुशपाल सिंह राठौड़ ने आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी स्वास्थ्य संस्थानों में पेयजल, बिजली बैकअप, ओआरएस और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. यादव ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बार-बार निर्देशों के बावजूद कार्य में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में संबंधित अधिकारी और कार्यक्रम प्रभारी उपस्थित रहे।


