बांसवाड़ा में कुशलगढ़ थाना पुलिस ने तााम्बेसरा गांव में दबिश देकर एक आरोपी को 26 किलो 400 ग्राम अवैध सूखे गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। SP सुधीर जोशी ने बताया- थानाधिकारी प्रवीण सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि तााम्बेसरा निवासी रसीद मोहम्मद उर्फ भूरा ने अपने घर में भारी मात्रा में गांजा छुपा रखा है। पुलिस टीम ने जब आरोपी के घर दबिश दी, तो उसने भागने का प्रयास किया, जिससे उसे शरीर पर कुछ चोटें भी आईं। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। दो प्लास्टिक के ड्रमों में भरा था माल पुलिस ने जब गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के घर की तलाशी ली, तो वहां दो प्लास्टिक के ड्रम मिले, जिनमें कुल 26.400 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था। आरोपी बिना किसी लाइसेंस के इसे ग्राहकों को बेचने के लिए भंडारित कर रखा था। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी रसीद मोहम्मद को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। सज्जनगढ़ थानाधिकारी करेंगे मामले की जांच मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया। इसकी अग्रिम जांच सज्जनगढ़ थानाधिकारी धनपत सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह माल कहां से लाया था और किन-किन लोगों को सप्लाई करने वाला था।


