बांसवाड़ा जिले में सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देश पर सख्ती जारी है। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत यातायात पुलिस विशेष रूप से बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को यातायात पुलिस टीम ने दाहोद रोड स्थित नाथेलाब तालाब के पास विशेष अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चला रहे कई चालकों के चालान काटे गए। यातायात पुलिस के एएसआई हरेंद्र सिंह ने बताया- सड़क हादसों में हो रही लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए यह सख्ती बरती जा रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें हेलमेट को अपने दैनिक जीवन का एक अनिवार्य हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है। पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का माध्यम नहीं है, बल्कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में यह जीवन सुरक्षा के लिए सबसे महत्वपूर्ण उपकरण है। पुलिस ने चेतावनी दी कि आगामी दिनों में भी यह अभियान सख्ती के साथ जारी रहेगा।


