बांसवाड़ा में गुरुवार को ऑटो पलटने से एक ही परिवार के 8 लोग घायल हो गए। ये सभी किसी रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। मामला शहर के सदर थाना क्षेत्र के जानामोड़ी गांव के पास का है। बताया जा रहा है कि ड्राइवर स्पीड में ऑटो चला रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित होकर पलट गया। घायलकों को शहर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल लाया गया। यहां तीन की हालत गंभीर होने पर वार्ड में शिफ्ट किया गया। अचानक बिगड़ा संतुलन और मच गई चीख-पुकार जानकारी के अनुसार तेजपुर निवासी यह परिवार ऑटो में सवार होकर रिश्तेदार के यहां कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही ऑटो जानामेड़ी गांव के पास पहुंचा, चालक अचानक संतुलन खो बैठा। रफ्तार तेज होने के कारण ऑटो सड़क किनारे जाकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसा देख आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को ऑटो से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस का इंतजार किए बिना वहां से गुजर रहे एक निजी वाहन की मदद से सभी घायलों को महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया। ये हुए घायल: 3 की हालत गंभीर दुर्घटना में घायल हुए सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य और रिश्तेदार हैं। तेजपुर निवासी मणी पत्नी रमेश, केसर पत्नी धुलजी और खुशबू पत्नी कमलेश को गंभीर चोट आने के कारण वार्ड में भर्ती किया गया है। वहीं हर्षी पुत्री पप्पू, पूजा पत्नी पप्पू, अंजू पत्नी मोहन, कांता पत्नी रमेश और खुशमीता पुत्री मोहन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।


