बांसवाड़ा के कसारवाड़ी थाना पुलिस ने डूंगरा छोटा कस्बे में हुई मोबाइल चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए नाबालिग को डिटेन किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए 6 मोबाइल भी बरामद कर लिए हैं। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। ताला तोड़कर 22 मोबाइल और नगदी ले गए थे चोर डूंगरा छोटा निवासी प्रहलाद (37) पुत्र कालुसिंह दांतला ने 16 फरवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि डूंगरा छोटा चौराहा दाहोद रोड पर स्थित उनकी मोबाइल शॉप के ताले टूटे मिले। दुकान के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था और करीब 22 मोबाइल, 3 हजार रुपये नकद और मोबाइल एसेसरीज गायब थे। अज्ञात बदमाशों ने रात के अंधेरे में दुकान में सेंधमारी कर इस वारदात को अंजाम दिया था। पूछताछ में कबूला जुर्म मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निर्भय सिंह राणावत के नेतृत्व में टीम गठित की गई। अनुसंधान के दौरान मुखबिरों से मिली सूचना व संदेह के आधार पर एक विधि से संघर्षरत किशोर को डिटेन कर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई। किशोर ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 6 मोबाइल बरामद किए। थानाधिकारी राणावत ने बताया कि किशोर 12वीं कक्षा में अध्ययनरत हैं। वारदात में शामिल फरार आरोपी की तलाश पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य साथियों और शेष बचे माल के बारे में नाबालिग से पूछताछ कर रही है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।


