बांसवाड़ा में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत दानपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 900 लीटर महुआ वॉश नष्ट किया। साथ ही अवैध शराब बनाने में उपयोग हो रही दो भट्टियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य फरार हो गया। खेतों और नालों के पास चल रहा था अवैध धंधा पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर आम्बापाड़ा और मोजा गड़ क्षेत्र में दबिश दी। आम्बापाड़ा में खेतों के पास नाले किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया करीब 400 लीटर महुआ वॉश बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं मोजा गड़ क्षेत्र में नाले के पास एक धधकती भट्टी संचालित मिलती हुई पाई गई। यहां करीब 500 लीटर महुआ वॉश का भंडारण किया गया था। पुलिस ने 11 लीटर तैयार देशी महुआ शराब और शराब बनाने के उपकरण भी जब्त किए। एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर दो व्यक्ति मौके से भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर कांतिलाल (42) पुत्र नाकुड़ा, निवासी गड़, थाना दानपुर को पकड़ लिया। जबकि दूसरा आरोपी फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


