बाइक की सीट काट अंदर छिपा रखा था गांजा, 4 हुए गिरफ्तार

भास्कर न्यूज| टिटिलागढ़ महाशिवरात्रि मेले की आड़ में पुलिस की आंखों में धूल झोंककर गांजे की तस्करी करने वाले एक गिरोह का टिटिलागढ़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। तस्करों ने नशे के काले कारोबार के लिए बाइक को इस तरह मॉडिफाई किया था कि पुलिस भी एक पल के लिए चकमा खा गई। इस मामले में पुलिस ने 3 बाइक जब्त कर 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टिटिलागढ़ पुलिस ने झारदेवंद जंगल में छापेमारी की। वहां बौद्ध जिले के कांटामाल इलाके के चार तस्कर डेरा डाले हुए थे। शुरुआती तलाशी में पुलिस को कुछ नहीं मिला, लेकिन जब संदेह होने पर तस्करों को बाइक की सीट से उतारा गया और सीट का कवर हटाया गया, तो पुलिस दंग रह गई। बाइक की सीट को काटकर उसके अंदर गांजे के पैकेट छिपाने के लिए विशेष जगह बनाई गई थी। सीट के अलावा बाइक के पिछले हिस्से और बैगों में भी गांजे के पैकेट ठूस-ठूस कर भरे हुए थे। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से कुल 23 किलो गांजा जब्त किया। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व एसडीपीओ यशवंत प्रधानी और थाना प्रभारी मनोज कुमार मुंडा ने किया। टीम में एएसआई किरण जानी, एएसआई कार्तिक प्रधान और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *