बाइक चोरी, पुलिस बोली पहले खुद ढूंढो फिर आना

भास्कर न्यूज | दरिमा दरिमा थाना क्षेत्र के कर्जी चौक में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कर्जी चौक निवासी महेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार शाम बाइक क्रमांक सीजी 15 ईसी 9719 घर के सामने खड़ी की थी और ट्यूशन पढ़ाने चले गए थे। जब वे वापस लौटे, तो बाइक वहां नहीं थी। पीड़ित ने पहले अपने स्तर पर आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता न मिलने पर वे दरिमा थाना पहुंचे। पीड़ित महेंद्र प्रताप सिंह का आरोप है कि जब उन्होंने थाने में चोरी की सूचना दी, तो वहां मौजूद अधिकारियों ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन देने के बजाय पहले खुद ही ढूंढने की सलाह दे दी। पुलिस ने कहा कि अगर खुद ढूंढने पर गाड़ी न मिले, तब दोबारा थाने आएं। पुलिस के इस रवैये को लेकर क्षेत्र के नागरिकों में रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दरिमा क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। हैरानी की बात यह है कि थाना के ठीक सामने स्थित एक मोबाइल सेंटर में भी दो बार चोरी हो चुकी है, जिसकी रिपोर्ट के बावजूद अब तक कोई ठोस परिणाम नहीं निकला। वहीं, सप्ताह भर पहले प्राथमिक पाठशाला दरिमा में भी ताला तोड़कर चोरी की गई थी, जिसमें पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। दरिमा थाना प्रभारी राजेश खलखो ने कहा कि युवक चोरी की शिकायत लेकर आया था। उसे पहले ठीक से पता करने के लिए कहा गया है ताकि किसी गलतफहमी की गुंजाइश न रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *