गढ़वा| गढ़वा थाना क्षेत्र के उड़सुगी गांव स्थित कुसमाहा टोला में अनियंत्रित होकर एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उस पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कुसमाहा टोला निवासी 32 वर्षीय सकेंद्र उरांव पिता राजबली उरांव तथा 27 वर्षीय दिनेश उरांव पिता रामजी उरांव शामिल हैं। घटना के बाद उड़सुगी पंचायत के मुखिया पति राजन उरांव ने दोनों घायलों को गढ़वा सदर अस्पताल में लाकर भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया गया कि दोनों युवक एक ही मोटरसाइकिल से गढ़वा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव में ही मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।


