बालोद| ग्राम पंचायत परसतराई भवन के पास एक बाइक में सवार तीन लोगों ने दूसरी बाइक में सवार बैंक कर्मचारी और दोस्त की पिटाई कर दी। पुलिस के अनुसार आरबीएल बैंक के कर्मचारी ग्राम बघमरा निवासी यज्ञदत्त साहू ने जानकारी दी है कि 30 मई को दोस्त लिराज ऊर्फ विक्की के साथ बाइक में अर्जुदा और आसपास क्षेत्र में बैंक का पैसा कलेक्ट करने गया था। काम होने के बाद बाइक में अर्जुंदा से बालोद आ रहे थे। इस दौरान शाम 7.30 बजे ग्राम परसतराई के पास पीछे से बाइक में सवार व्यक्ति ने गाली गलौज की। दोस्त को भी गाली गलौज करते हुए हाथ, मुक्का से मारपीट की। बाइक को टक्कर मारी। जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई है। मारपीट करने वाले लोगों ने जान से मारने की धमकी दी है। गले में चांदी का चैन पहना था, वह गायब है। मारपीट के बाद घटनास्थल पर ग्रामीण पहुंचे। पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने जानकारी दी है कि मारपीट करने वाले एक युवक को अर्जुन्दा में कई बार देख चुका है। हालांकि नाम व पता बता नहीं पा रहा है। अर्जुन्दा थाने में अज्ञात बाइक में पहुंचे तीन लोगों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5), 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।


