डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र में पालवड़ा के पास देवर की बाइक के पीछे बैठी भाभी की नीचे गिरने से मौत हो गई। बेटी की शादी के एक दिन पहले ही मां की मौत से परिवार ने मातम पसर गया। देवर ओर भाभी दोनों ही शादी के कार्ड बांटने के बाद वापस घर लौट रहे थे। सदर थाना पुलिस के अनुसार धर्मनारायण मीणा निवासी कलावत फला आमली डूंगरी थाना ऋषभदेव उदयपुर की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। इसमें बताया की उसकी बेटी की 13 फरवरी को शादी है। बुधवार को पत्नी काली देवी (50) और छोटा भाई कांतिलाल दोनों ही बाइक लेकर शादी के कार्ड बांटने डूंगरपुर के देवल गांव गए थे। दोनों ही निमंत्रण पत्र देकर वापस बाइक से जा रहे थे। पालवड़ा स्कूल के पहले ही महिला काली देवी अचानक बाइक से नीचे गिर गई। महिला के हाथ, पैर ओर सिर पर गंभीर चोटें आई। उसे तुरंत डूंगरपुर अस्पताल लेकर आए। जहां इमरजेंसी में डॉक्टर ने जांच के बाद काली देवी की मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया। हादसे के बाद शादी के घर में मातम पसर गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल पुलिस घटना को लेकर जांच कर रही है।


