बेनूर| नारायणपुर जिले के ग्राम पंचायत बेनूर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर बेनूर में बाउंड्रीवॉल नहीं होने से बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। अरुण से आठवीं तक अध्ययनरत छोटे-छोटे बच्चे छुट्टी के समय अचानक सड़क की ओर निकल जाते हैं। स्कूल मुख्य सड़क से लगा हुआ है, जहां रोजाना दोपहिया व चारपहिया वाहनों का आवागमन रहता है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्कूल के सामने बिजली खंभे से अस्थायी रूप से तार खींचकर बांस के सहारे सप्लाई दी जा रही है। नीचे खुले में ग्रिप लगा है, जिससे शॉर्ट सर्किट का खतरा है। पांच माह पूर्व खबर प्रकाशित होने के बावजूद प्रबंधन ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने फेंसिंग या बाउंड्रीवॉल निर्माण की मांग की है।


