बागपत के रटौल कस्बे में रविवार को 20 वर्षीय विवाहिता जुलैखा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। जुलैखा की शादी करीब पांच महीने पहले रटौल निवासी रहमान पुत्र लायक से हुई थी। उसके परिजन मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और पिछले लगभग 30 वर्षों से लोनी के पावी में रह रहे हैं। रविवार को दामाद रहमान ने जुलैखा की मौत की सूचना उसके मायके पक्ष को दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। मृतका की मां ने अपने दामाद रहमान पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जुलैखा के साथ मारपीट की गई और फिर उसकी हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल जारी है।


