रणथंभौर गणेश मंदिर मार्ग अब बाघिन सुल्ताना टी-107 के युवा बेटे आरबीटी-2511 “मलंग” को खासा रास आ रहा है। एक बार फिर बुधवार शाम को रणथंभौर स्थित त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर बाघ के आने से दोनों तरफ गाड़ियों के पहिये थम गए। लगभग आधा घंटे तक बाघ सड़क पर टहलता रहा। इस दौरान बाघ ने एक कार की ओर कदम बढ़ाए तो चालक ने सतर्कता बरतते हुए कार को पीछे किया। इतने में वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और बाघ की मॉनिटरिंग शुरू की। कुछ देर बाघ सड़क पर चहल-कदमी करने के बाद वापस जंगल में चला गया। इसके बाद आवागमन शुरू हुआ। जानकारी के अनुसार घटना शाम लगभग साढ़े 4 बजे की है। हर बुधवार को टाइगर रिजर्व के मुख्य जोन 1 से 5 बंद रहते है। ऐसे में इस मार्ग पर त्रिनेत्र गणेश मंदिर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के वाहन ही थे। इस दौरान आड़ा बालाजी से मिश्र दर्रा गेट की ओर बाघिन सुल्ताना का बेटा बाघ आरबीटी-2511 “मलंग” चहल-कदमी करता दिखाई दिया। 14 फरवरी को भी गणेश मंदिर मार्ग पर की थी चहल-कदमी : 14 फरवरी की शाम को बाघ आरबीटी-2511 सिंहद्वार के पास दिखाई दिया था। इसके चलते लगभग 2 से 3 घंटे तक बाघ के मूवमेंट से आवाजाही बाधित रही। बाद में बाघ के जंगल का रुख करने से आवागमन फिर से सुचारु हुआ था।


