बाड़मेर में 1 करोड़ बकाया, डिस्कॉम ने 464 कनेक्शन काटे:मार्च 2026 से पहले पूरी वसूली के निर्देश, ट्रांसफॉर्मर और मीटर भी हटाए

बाड़मेर में वित्तीय साल खत्म होने से पहले डिस्कॉम ने 1.04 करोड रुपए की बकाया राशि पर 464 बिजली कनेक्शन काट दिए हैं। यह कार्रवाई शिव, गडरारोड और बाड़मेर शहर में की गई। मार्च 2026 से पहले पूरी वसूली के निर्देश के बीच ट्रांसफॉर्मर और मीटर भी हटाए गए। बार बार सूचना देने के बाद भी बिल जमा नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं पर यह कदम उठाया गया है। वित्तीय साल के अंतिम महीने में डिस्कॉम ने बकायादारों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। अधिकारियों के मुताबिक जिन उपभोक्ताओं ने नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं किया, उनके कनेक्शन मौके पर काटे जा रहे हैं। शिव में 45 लाख बकाया, 187 कनेक्शन कटे शिव उपखंड में सहायक अभियंता जी.आर. गर्ग के नेतृत्व में टीमों ने फरवरी में करीब 45 लाख रुपए की बकाया राशि पर 187 कनेक्शन काटे। इनमें 53 कृषि कनेक्शन शामिल हैं, जबकि बाकी घरेलू और व्यावसायिक कनेक्शन हैं। 10 उपभोक्ताओं के ट्रांसफॉर्मर भी हटाए गए। कार्रवाई में कनिष्ठ अभियंता ललित बाकोलिया, राजेश कुमार और विरेन्द्र वर्मा की अलग अलग टीमें शामिल रहीं। गडरारोड में 35.40 लाख बकाया पर कार्रवाई गडरारोड उपखंड में सहायक अभियंता राणासिंह सत्यार्थी के नेतृत्व में कनिष्ठ अभियंता गौरव मीणा और प्रधानसिंह मीणा की टीम ने करीब 35.40 लाख रुपए की बकाया राशि पर 110 कनेक्शन काटे। इनमें 50 हजार रुपए से ज्यादा बकाया वाले 24 उपभोक्ताओं के ट्रांसफॉर्मर हटाए गए। बाड़मेर शहर में 167 उपभोक्ताओं के कनेक्शन कटे बाड़मेर शहर द्वितीय क्षेत्र में सहायक अभियंता उम्मेदाराम चौधरी के नेतृत्व में फरवरी में 24.70 लाख रुपए की बकाया राशि वाले 167 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। कार्रवाई में कनिष्ठ अभियंता मेघराज सियोल, राजेन्द्रसिंह भाटी और प्रियंक चौधरी शामिल रहे। मार्च तक जारी रहेगा अभियान, शनिवार को भी जमा होंगे बिल अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार मीना ने बताया कि बकाया वसूली और कनेक्शन काटने की कार्रवाई मार्च तक लगातार चलेगी। होली से पहले कार्रवाई से बचने के लिए बकायादार शनिवार को भी निगम कार्यालय में अपनी बकाया राशि जमा कर सकते हैं। सभी सहायक अभियंता कार्यालयों में कैश काउंटर खुले रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *