बाड़ी की सदर थाना पुलिस ने हथियार सहित आरोपी पकड़ा:एमपी के मुरैना से रिश्तेदारों के घर झगड़ा करने आया था, एक शराब तस्कर को भी किया गिरफ्तार

बाड़ी की सदर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक मामले में हथियार सहित एक व्यक्ति को पकड़ा गया,जबकि उसके साथ आए एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया। दूसरे मामले में एक शराब तस्कर को देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। थानाधिकारी मोहर सिंह ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए ‘ऑपरेशन शिकंजा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुखबिर से सूचना मिली थी कि डांग के मोतीपुरा स्थित एक घर में कुछ बाहरी लोग अपने रिश्तेदारों के साथ झगड़ा कर रहे हैं और उनके पास हथियार भी हैं। सूचना मिलते ही कांस्टेबल हेमसिंह, हल्केराम और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने झगड़ा कर रहे शेरा उर्फ रामलखन पुत्र रामजीलाल गुर्जर निवासी सकारा गांव, थाना नगर, जिला मुरैना (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 315 बोर का एक कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के साथ आए एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया है, जिसके पास से दो जिंदा कारतूस मिले हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। एक अन्य कार्रवाई में, थानाधिकारी मोहर सिंह ने बताया कि धीमरी गांव के ताल के पास से रामदास पुत्र बहादुर सिंह गुर्जर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 54 पव्वे देसी शराब बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *