रायसेन के बाड़ी विकासखण्ड की ग्राम पंचायत शिवतला में शनिवार को सुशासन सप्ताह-प्रशासन गांव की ओर और मुख्यमंत्री जन कल्याण शिविर आयोजित किया गया। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेन्द्र पटेल ने शुभारंभ किया। इस मौके पर मंत्री पटेल ने कहा कि सुशासन सप्ताह-प्रशासन गांव की ओर तथा जन कल्याण शिविरों के माध्यम से सरकार की विभिन्न सेवाओं और योजनाओं का लाभ छूटे हुए पात्र हितग्राहियों तक त्वरित रूप से पहुंचाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। सुशासन सप्ताह तथा जन कल्याण शिविर का उद्देश्य सरकार की योजनाओं के आवेदन करने से छूटे हितग्राही या जो लोग अभी तक इन सेवाओं से या इन योजनाओं का लाभ मिलने से वंचित रह गए हैं, उन सबकी पहचान कर उनसे आवेदन लेकर योजनाओं का त्वरित लाभ दिलाना है। शिविर में 70 प्लस आयु के नागरिकों के बनाए गए आयुष्मान कार्ड
शिविर में कैंप लगाकर 70 वर्ष से अधिक आयु के वृद्ध जनों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। शिविर में वृद्ध काशीराम चौहान, नर्मदा प्रसाद चौहान, सुंदर सिंह ठाकुर तथा साहब सिंह ठाकुर सहित अन्य वृद्ध जनों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा राज्यमंत्री पटेल द्वारा वृद्ध जनों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। शिविर में कई योजनाओं के हितलाभ किए गए वितरित
आयोजित शिविर में स्वास्थ्य राज्यमंत्री पटेल द्वारा अयुष्मान भारत, लाड़ली लक्ष्मी योजना, खाद्यान्न पात्रता पर्ची, संबल कार्ड सहित अन्य योजनाओं के स्वीकृति पत्र हितग्राहियों को प्रदान किए गए। जनप्रतिनिधियों ने शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण किया और अभी तक प्राप्त आवेदनों तथा निराकरण की वस्तु स्थिति की जानकारी ली।


