भास्कर न्यूज | जालंधर बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए सिख सेवक सोसाइटी इंटरनेशनल काम कर रही है। इसी के तहत सोसाइटी ने गुरदासपुर जिले की सरहद के पास बसे गांव चोंतरा में रहने वाले सब्जी विक्रेता को घर बनाकर दिया है। रछपाल सिंह का घर बीते समय में आई भीषण बाढ़ के कारण तबाह हो गया था। इस मुसीबत ने उनके परिवार को बेघर कर दिया और जीवन को और भी कठिन बना दिया। जिस कारण पूरा परिवार मुश्किलों में घिर गया और उन्हेंे नए आश्रय की आवश्यकता थी। इस कठिन घड़ी में सिख सेवक सोसाइटी इंटरनेशनल ने रछपाल सिंह का साथ दिया। सिख सेवक सोसाइटी एक संगती संस्था है, जो दसवंध प्रथा और संगत के योगदान से चलती है।सोसाइटी के मुख्य जत्थेदार परमिंदर पाल सिंह खालसा ने बताया कि वे रछपाल सिंह को एक नया मकान बनाकर दे रहे हैं। बाढ़ के बाद हम तीन परिवारों को नए मकान बनाकर दे रहे हैं और यह सेवा जारी रहेगी। खालसा ने बताया कि सोसाइटी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक सेवा की है। किसानों को बीज और खाद उपलब्ध करवाई गई, पीड़ित गांवों में मेडिकल कैंप लगाए गए और मच्छर मार दवाइयों का छिड़काव भी किया गया ताकि बीमारियों से बचाव हो सके। यह सेवा आगे भी जारी रहेगी। इस सेवा मुहिम में प्रोफेसर बलविंदर पाल सिंह, संदीप सिंह चावला, ठेकेदार हरदेव सिंह और साहिब सिंह आर्टिस्ट शामिल थे।


