बानसूर में शनिवार देर शाम बालावास रोड पर अनाज मंडी के सामने ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोटपूतली रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान मोनू यादव (पुत्र अमरसिंह यादव), निवासी मंगलवा के रूप में हुई है। मोनू एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है और शनिवार को अपने घर लौट रहा था। घटना के समय वह बाइक पर सवार होकर बालावास रोड से गुजर रहा था। हादसे के दौरान युवक ने हेलमेट पहन रखा था, जिसकी वजह से उसकी जान बच गई। हालांकि, टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। डॉक्टरों ने गंभीर चोटों को देखते हुए उसे कोटपूतली रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस को भी हादसे की सूचना दी गई है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


