देवघर के बाबानगरी में 13 मार्च को होलिका दहन और हरिहर मिलन का विशेष कार्यक्रम होगा। बाबा मंदिर के इस्टेट पुरोहित श्रीनाथ पंडित ने इसकी जानकारी दी। 13 मार्च को सूखी होली यानी गुलाल वाली होली मनाई जाएगी। इस दिन हरिहर मिलन की परंपरा का निर्वहन किया जाएगा। साथ ही बाबा बैद्यनाथ का स्थापना दिवस भी मनाया जाएगा। बाबा के श्रृंगार के बाद पट बंद कर दिए जाएंगे कार्यक्रम के अनुसार, रात 10:50 बजे होलिका दहन होगा। इसके बाद 11:30 बजे हरिहर का मिलन होगा। रात 11:50 बजे बाबा के श्रृंगार के बाद पट बंद कर दिए जाएंगे। बाबा मंदिर के भीतरी खंड में स्थित राधाकृष्ण मंदिर से भगवान हरि (कृष्ण) को दोल मंच के लिए ले जाया जाएगा। मंदिर का पट खुलने के बाद सरादर पंडा श्रीश्री गुलाब नंद ओझा बाबा पर गुलाल अर्पित करेंगे। इसी के साथ होली की शुरुआत होगी।


