बाबा श्याम से विश्व कल्याण की प्रार्थना की

चंडीगढ़ रोड स्थित नवनिर्मित श्री खाटू श्याम सालासर मंदिर में आयोजित 8 दिवसीय श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव रविवार को पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न हो गया। ट्रस्टी प्रदीप मित्तल, संदीप अग्रवाल, एलआर मित्तल और अनिल मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित इस महोत्सव ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया। समापन समारोह के दौरान मंदिर परिसर जय श्री श्याम के जयकारों से गुंजायमान रहा। महोत्सव के अंतिम दिन भजन गायक बिट्टू बांसल ने बाबा श्याम का गुणगान किया। उन्होंने मेरे सर पर रख दो बाबा अपने ये दोनों हाथ और जीवन की ये बगिया मेरे श्याम ने ही महकाई है जैसे कर्णप्रिय भजनों से ऐसा समां बांधा कि पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भावविभोर होकर नाचने लगे। इससे पूर्व आचार्य दीपक पांडे और विद्वान पंडितों की टोली ने विधि-विधान से विशेष पूजन संपन्न कराया। बाबा का विशेष शृंगार हरीश गर्ग, संदीप अग्रवाल और राहुल जैन परिवार द्वारा किया गया। ट्रस्टी प्रदीप मित्तल और संदीप अग्रवाल ने बताया कि इन 8 दिनों के दौरान न केवल पंजाब और भारत के विभिन्न राज्यों से बल्कि विदेशों से भी हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाकर आशीर्वाद लिया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में संजय अग्रवाल, नीपम गोयल, अतुल वालिया, संदीप गोयल, विनय कुमार, हर नारायण गर्ग, एच.एल. सिंगल और अशोक गुप्ता सहित अन्य गणमान्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। सभी ने बाबा श्याम से विश्व कल्याण और खुशहाली की प्रार्थना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *