बारां में अचानक तेज बारिश, ओले गिरे:सर्दी बढ़ी, फसलों और मंडी व्यापार पर असर

बारां में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज सर्दी के बीच दिन में कई इलाकों में भारी बारिश हुई। बारां शहर सहित छीपाबड़ौद, छबड़ा और मांगरोल जैसे ग्रामीण अंचलों में भी बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर चने के आकार के ओले भी गिरे। अचानक हुई इस बारिश से आमजन को ठंड का असर और अधिक महसूस हुआ। वहीं, किसानों और व्यापारियों की चिंता भी बढ़ गई है। मंडी परिसरों में खुले में रखी किसानों और व्यापारियों की फसलें बारिश में भीग गईं, जिससे बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है। बारिश शुरू होते ही मंडियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग आनन-फानन में अपनी जिंसों को सुरक्षित करने में जुट गए, लेकिन तब तक कई जगहों पर नुकसान हो चुका था। मौसम में आए इस बदलाव के बाद वातावरण में गलन बढ़ गई है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे सर्द हवाओं के साथ ठिठुरन महसूस की जा रही है। शाम होते-होते ठंड का असर और तेज हो गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जिले में यह मौसम परिवर्तन हुआ है। विशेषज्ञों ने अगले एक-दो दिन तक बादल छाए रहने और ठंड बढ़ने की संभावना जताई है। अचानक बदले इस मौसम से विशेषकर फसलों और मंडी व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *