बारां में यातायात थाना पुलिस ने अवैध बजरी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की हैं। यह कार्रवाई अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि जिले में अवैध खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी और डीएसपी हरिराम सोनी के सुपरविजन में यातायात प्रभारी चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। टीम ने शहर के दीनदयाल पार्क के पास कार्रवाई करते हुए बिना नंबर वाले दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े। ये ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध बजरी से भरे हुए थे। जब ड्राइवरों से वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। अग्रिम कार्रवाई के लिए माइनिंग विभाग को सूचना दे दी गई है।


