बालाघाट जिले के पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के दो एनएसएस स्वयंसेवकों का चयन गणतंत्र दिवस परेड के लिए किया गया है। चयनित स्वयंसेवक निरंजन बिसेन और वीणा जामरे आगामी 26 जनवरी को भोपाल के लाल परेड मैदान में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। भोपाल में कर रहे प्रेक्टिस निरंजन बिसेन कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष के छात्र हैं, जबकि वीणा जामरे बीएससी चतुर्थ वर्ष की छात्रा हैं। दोनों स्वयंसेवक इन दिनों भोपाल में गणतंत्र दिवस परेड का अभ्यास कर रहे हैं। निरंजन दिल्ली, वीणा प्रदेश स्तर पर सम्मानित निरंजन बिसेन का चयन 26 जनवरी 2025 को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए भी किया गया है। वहीं, वीणा जामरे को प्रदेश स्तर पर सर्वश्रेष्ठ एनएसएस स्वयंसेवक चुना गया है। इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर दोनों का भोपाल परेड के लिए चयन हुआ है। ऐसे होता है चयन एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी सुखचंद ऐड़े ने बताया कि चयन प्रक्रिया में स्वयंसेवकों को अनुशासन, सेवा भावना और मेहनत के आधार पर परखा जाता है। पहले कॉलेज स्तर पर चयन होता है, फिर जिला और विश्वविद्यालय स्तर पर। इसके बाद ग्वालियर में परेड अभ्यास कराया जाता है। इसमें सफल होने वाले स्वयंसेवकों को भोपाल या नई दिल्ली की परेड के लिए चुना जाता है। सुखचंद ऐड़े ने बताया कि दोनों स्वयंसेवकों के चयन से कॉलेज का नाम रोशन हुआ है। यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे के प्रोत्साहन का परिणाम है।


