सिटी रिपोर्टर} इंडोनेशिया के बाली में आयोजित ‘WKA एशिया पेसिफिक किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप’ में रांची के प्रतिभावान खिलाड़ी यश कुमार सिन्हा ने स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय पटल पर झारखंड का नाम रोशन किया है। यश ने लो किक लाइट (-90 किग्रा) वर्ग के फाइनल मुकाबले में कड़े संघर्ष के बाद जीत दर्ज की। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसे देशों के दिग्गजों ने हिस्सा लिया था, जिन्हें पछाड़ते हुए यश ने अपनी बेहतरीन तकनीक और ताकत का परिचय दिया। यश की यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत का परिणाम है। इससे पहले अगस्त 2025 में भी उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीता था। लंबे समय से किक बॉक्सिंग और वुशु का प्रशिक्षण ले रहे यश राष्ट्रीय स्तर पर भी कई मेडल अपने नाम कर चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और शहरवासियों ने खुशी जाहिर की है। यश की जीत यह साबित करती है कि सही मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प से छोटे शहर के खिलाड़ी भी वैश्विक मंच पर तिरंगा लहरा सकते हैं।


