बालेसर में पुलिस ने अवैध शराब की खेप पकड़ी है। भारतमाला एक्सप्रेस हाईवे पर बिराई गांव में नाकाबंदी के दौरान एक लग्जरी कार में से 28 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। पुलिस को देखते ही तस्कर कार को तेज गति से भगा ले गए। पुलिस ने पीछा किया तो कार रेलिंग से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान तस्कर मौके से फरार हो गए। जब्त की गई कार गुजरात के मेहसाना के मेहुल कुमार पटेल की है। जोधपुर ग्रामीण एसपी राममूर्ति जोशी ने बताया-यह कार्रवाई ऑपरेशन ‘मदमस्त’ के तहत की गई। कार्रवाई में शामिल एएसआई डुंगरराम, कांस्टेबल अशोक और राजेंद्र सिंह को पुरस्कृत किया जाएगा। यह पूरी कार्रवाई एएसपी भोपालसिंह लखावत और डीएसपी रतनसिंह राजपुरोहित के निर्देशन में की गई।


