बालोतरा जिले के सिणधरी कस्बे में बुधवार सुबह 8 बजे वांकल माता मंदिर के समीप हाईवे पर एक सड़क हादसा हो गया। गोलाई में एक डंपर और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आमने सामने टकराए वाहन
जानकारी के अनुसार, वांकल माता मंदिर के पास एक डंपर बजरी भरकर बाड़मेर की ओर जा रहा था। वहीं, एक पिकअप वाहन अनार भरकर जीवाणा की तरफ जा रहा था। हाईवे पर बनी गोलाई में दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला और सिणधरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद, घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों को बाड़मेर रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही सिणधरी पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अधिकारी उमेश बिश्नोई ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण और वाहन चालक हाईवे पर जमा हो गए और जाम लगा दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि हाईवे पर गोलाई वाले खतरनाक मोड़ पर डिवाइडर बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। जाम की सूचना पर उपखंड अधिकारी (एसडीएम) मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। प्रशासन द्वारा उनकी मांगों पर सहमति जताने के बाद जाम खोल दिया गया और यातायात फिर से सुचारु हो गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों।


